हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार ,नोएडा। अरबईन (चेहल्लुम) के अवसर पर सेक्टर-22 चौड़ा मोड़ से एक विशाल मातमी जुलूस निकाला गया। यह जुलूस विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए सेक्टर-50 स्थित मस्जिद तक पहुंचा। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने भाग लिया।
मोमनीन काले वस्त्र पहनकर कर्बला के शहीदों, विशेष रूप से हज़रत इमाम हुसैन (अ.स.) और उनके वफ़ादार साथियों को खिराज-ए-अकीदत पेश किया। इस दौरान मातम किया गया और नौहाख़्वानी के माध्यम से कर्बला की महान कुर्बानी को याद किया गया।
चेहल्लुम, जिसे अरबी में अरबईन कहा जाता है, इमाम हुसैन (अ.) और कर्बला के शहीदों की याद में मनाया जाने वाला शोक और श्रद्धांजलि का महत्वपूर्ण अवसर है।
जुलूस पूरे मार्ग में शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से आगे बढ़ा। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने जुलूस का स्वागत किया तथा पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कीं। आयोजकों के अनुसार यह मातमी जुलूस प्रतिवर्ष निकाला जाता है, जिसमें शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं।
इस वर्ष भी विभिन्न समुदायों के लोगों ने एकजुट होकर जुलूस में शिरकत की और अमन, इंसाफ तथा मानवता का संदेश दिया। जुलूस के दौरान कर्बला की घटना और इमाम हुसैन (अ.स.) के त्याग एवं बलिदान पर प्रकाश डाला गया।
जुलूस को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पूरे मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस और प्रशासन के सहयोग से जुलूस शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
आपकी टिप्पणी